रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को उस वक्त यादगार बन गई, जब आसमान में यात्रियों को अचानक बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम की लाइव सिंगिंग सुनने का मौका मिल गया। विमान में सोनू निगम को देखकर यात्री उत्साहित हो उठे और उनसे गाने की फरमाइश करने लगे। सिंगर ने भी अपने प्रशंसकों का दिल रखते हुए 'बिजुरिया' और 'कल हो ना हो' जैसे लोकप्रिय गाने सुनाए। उनकी सुरीली आवाज ने हवाई सफर को किसी म्यूजिक कॉन्सर्ट में बदल दिया। यात्रियों ने इस खास पल को मोबाइल कैमरों में कैद किया और उनके साथ तस्वीरें भी लीं।

दरअसल, सोनू निगम 19 नवंबर को रायपुर एम्स के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 'ओरियाना फेस्ट' में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद 20 नवंबर को वे इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे, तभी यात्रियों को उनके साथ सफर करने के साथ लाइव गाने सुनने का यादगार मौका मिल गया। तीन दशक से अधिक समय से संगीत की दुनिया में सक्रिय सोनू निगम ने 'कल हो ना हो', 'संदेशे आते हैं', 'ये दिल दीवाना' और 'अभी मुझ में कहीं' जैसे कई यादगार गीत दिए हैं। संगीत में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।