चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से छत्तीसगढ़ में हो रही बेमौसम बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, धमतरी, राजनांदगांव और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश और जलभराव के चलते उपार्जन केंद्रों पर तौल का काम ठप पड़ गया। धमतरी में 108 खरीदी केंद्रों में से महज 2 केंद्रों पर तौल हो सकी, वहीं दुर्ग में 1,092 टोकन जारी होने के बावजूद केवल 21 किसानों का धान तौला जा सका। टोकन कटवाकर किराए के वाहन से धान लेकर पहुंचे किसानों को बिना बिक्री किए वापस लौटना पड़ा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ दोबारा खरीदी की तारीख का इंतजार करना पड़ रहा है।

वहीं, बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसल को गिरा दिया है, जबकि कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखा धान भी भीग गया। लगातार नमी के कारण धान में अंकुरण, सड़न और गुणवत्ता खराब होने की आशंका बढ़ गई है। अपनी महीनों की मेहनत को बारिश में बर्बाद होते देख कई किसान भावुक हो उठे।

खरीदी केंद्रों पर खुले धान को बचाने के लिए तिरपाल से ढकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जलभराव से परेशानी बनी हुई है। किसान और जनप्रतिनिधि मांग कर रहे हैं कि प्रभावित किसानों के टोकन निरस्त न किए जाएं, उन्हें नई तारीख दी जाए, खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जाए और बारिश से फसल नुकसान का उचित मुआवजा मिले।