अमिताभ बच्चन जब किसी कलाकार की तारीफ करते हैं, तो उनके शब्दों में अनुभव और सम्मान दोनों झलकते हैं। इस बार बिग बी ने साउथ सुपरस्टार धनुष की जमकर तारीफ की है और खुलासा किया कि वह खुद भी धनुष के बहुत बड़े फैन हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के हालिया एपिसोड में धनुष का जिक्र करते हुए अमिताभ ने उनके अभिनय, किरदारों में ढलने की कला और डांसिंग स्किल्स की खूब सराहना की। दोनों कलाकार फिल्म ‘शमिताभ’ में साथ काम कर चुके हैं। बिग बी ने उस फिल्म से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि धनुष जैसे शानदार कलाकार के साथ काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात थी।
शो के प्रोमो में अमिताभ एक कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान कहते नजर आए कि धनुष अद्भुत कलाकार हैं और उन्हें कोई भी किरदार दिया जाए, वह पूरी तरह उसमें उतर जाते हैं। बिग बी ने उनकी एक्टिंग के साथ डांस की भी तारीफ करते हुए कहा कि धनुष का काम देखने के बाद उनकी प्रतिभा का अंदाजा और बेहतर तरीके से हुआ। साल 2015 में रिलीज हुई ‘शमिताभ’ में धनुष ने एक मूक अभिनेता दानिश का किरदार निभाया था, जबकि अमिताभ बच्चन फिल्म में अमिताभ सिन्हा के रोल में थे। फिल्म में दोनों की प्रतिभा मिलकर एक अलग पहचान बनाती है। अब अमिताभ की तारीफ के बाद धनुष के फैंस के बीच यह चर्चा और तेज हो गई है कि आखिर पर्दे पर धनुष की ऐसी कौन सी खासियत है, जो बिग बी को भी उनका मुरीद बना गई।

टिप्पणियाँ (0)