मुंबई : - डर, रहस्य और रोमांच के बीच खेती-किसानी का अनोखा कनेक्शन लेकर अभिनेता जैकी श्रॉफ अपनी नई फिल्म ‘काली खेती’ के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ शरद केलकर और नेहा सरगम अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी सिर्फ भूतिया घटनाओं और डरावने दृश्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए खेती के बदलते तौर-तरीकों, पर्यावरण से छेड़छाड़ और परिवार के भीतर रिश्तों की उलझनों को भी सामने लाने की कोशिश की गई है।
फिल्म को लेकर जैकी श्रॉफ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल पेड़ लगाने की बातें करने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि लोगों को खुद पौधे लगाने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने अपने फार्महाउस में चावल की करीब 21 किस्में उगाने का जिक्र भी किया, जिनमें गोरखपुर का काला नमक चावल शामिल है। वहीं, शरद केलकर के मुताबिक फिल्म में बाप-बेटे और दादा-पोते के रिश्तों के बीच मतभेद, अहंकार और भावनात्मक टकराव भी देखने को मिलेंगे। निर्देशक हारिस इम्तियाज खान ने फिल्म के शीर्षक को खेती के अलग-अलग अर्थों से जुड़ा बताया है। यानी ‘काली खेती’ में दर्शकों को डराने के साथ एक ऐसी कहानी भी देखने को मिलेगी, जो प्रकृति, परिवार और इंसानी रिश्तों पर सोचने के लिए मजबूर कर सकती है।

टिप्पणियाँ (0)