नई दिल्ली : - बड़े पर्दे पर भारतीय महाकाव्य रामायण को भव्य रूप में पेश करने वाली फिल्म ‘रामायणम्’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म की सफलता और दुनियाभर में मिल रही प्रतिक्रिया के बीच इसकी टीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस खास मुलाकात में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर और माता सीता के किरदार में नजर आने वाली साई पल्लवी मौजूद रहे। अमित शाह ने फिल्म की सफलता पर पूरी टीम को बधाई देते हुए भारतीय संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की। हालांकि, फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश इस मुलाकात का हिस्सा नहीं बन सके।
अमित शाह ने मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा कीं। उन्होंने रामायण की कथा के जरिए मर्यादा, धर्म, कर्तव्य, त्याग और ईमानदारी जैसे आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास को सराहनीय बताया। शाह ने कहा कि भारत की सबसे पूजनीय महागाथा को आधुनिक फिल्म तकनीक और भव्य स्तर पर पर्दे पर उतारना बड़ी उपलब्धि है। फिल्म की टीम के साथ महाकाव्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। वहीं, यश के मुलाकात में शामिल नहीं होने को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, वह अपने काम और व्यस्त शेड्यूल के चलते दिल्ली नहीं पहुंच सके। इस मुलाकात के बाद फिल्म की टीम और अमित शाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
देखें वीडियो : - गृह मंत्री अमित शाह से मिली ‘रामायण’ की टीम, ‘रावण’ नहीं पहुंच पाए..

टिप्पणियाँ (0)