गाजीपुर : जमीन और मकान के कागजात अपने नाम कराने का दबाव, पहले दी गई धमकियां और पुरानी रंजिश, इन सबके बीच उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मां-बेटी की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवा गांव में 35 वर्षीय जैबुन निशा और उसकी 10 साल की बेटी ऐमन निशा की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह बंद मकान का ताला तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो मां का शव फर्श पर और मासूम बेटी की लाश बेड पर पड़ी मिली। घर के भीतर का खौफनाक मंजर देख परिजनों के होश उड़ गए।
मृतका के भाई मोहम्मद अमीर उल्लाह ने गांव के ही परवेज उर्फ सोनू पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि आरोपी जैबुन पर मकान और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिवार के मुताबिक, आरोपी का घर आना-जाना था और कुछ दिन पहले बिजली का केबल काटकर ले जाने को लेकर भी विवाद हुआ था।
शिकायत के बाद केबल वापस कर दिया गया, लेकिन आरोपी नाराज था। मंगलवार को जैबुन के फोन नहीं उठाने पर परिवार को शक हुआ। उसकी बहन शबाना घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लगा मिला। मोहल्ले के लोगों की मदद से ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो मां-बेटी की हत्या हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। परिजनों की शिकायत पर परवेज उर्फ सोनू के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात की पूरी कड़ियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

टिप्पणियाँ (0)