नोएडा के जेवर स्थित दयानतपुर गांव में जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक गैस रिसाव के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते दो गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौत हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल और दो साल का मासूम बेटा आदित्य गंभीर रूप से झुलस गए। दो दिसंबर को घर की बेटी धीरज कुमारी की शादी होनी थी, लेकिन हादसे के वक्त वह मंदिर गई हुई थी। घर लौटने पर शादी की खुशियों की जगह उसे पिता और भाई की मौत का दुख मिला।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर आग बुझाने में जुट गए। पड़ोसियों ने सबमर्सिबल से पानी डालकर आग पर काबू पाया। घर में शादी के भोज की तैयारियों के लिए 23 गैस सिलिंडर भी रखे थे, जो दूसरे हिस्से में होने के कारण आग की चपेट में आने से बच गए। अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग गैस रिसाव, बिजली की वायरिंग में स्पार्किंग और सिलिंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रहे हैं। वहीं, परिवार ने गैस एजेंसी और सिलिंडर की सुरक्षा व गुणवत्ता को लेकर भी जांच की मांग उठाई है।

टिप्पणियाँ (0)