उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बच्चों की पिकनिक से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा हो गया। मथुरा और वृंदावन के शैक्षणिक भ्रमण से लौट रही स्कूल बस एक्सप्रेसवे पर रुकी हुई थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 बच्चे घायल हो गए। बस में कौशांबी के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे, जो भ्रमण के बाद वापस लौट रहे थे।
हादसा मंगलवार सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209.9 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस टॉयलेट के लिए रुकी हुई थी, तभी पीछे से अनियंत्रित ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

टिप्पणियाँ (0)