छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों को जंगल से खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा स्थित आमा डुगरु जंगल में ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को भगाने पहुंचे थे। वे तेज आवाज और शोर मचाकर हाथियों को जंगल से दूर करने की कोशिश कर रहे थे, तभी झाड़ियों से अचानक एक हाथी निकल आया और आक्रामक होकर ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी का गुस्सा देखकर चालक और अन्य ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। गनीमत रही कि सभी ने समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचा ली और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों के भागते ही हाथी ने ट्रैक्टर पर अपना गुस्सा उतारना शुरू कर दिया। उसने सूंड से ट्रैक्टर के अगले हिस्से को पकड़कर जोर से झकझोरा और उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैरों से कुचलकर वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास 11 हाथियों का झुंड मौजूद था, जबकि पूरे इलाके में अलग-अलग दलों में करीब 18 हाथी विचरण कर रहे हैं। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे हाथियों को खुद भगाने की कोशिश न करें और उनके नजदीक जाने से बचें। विभाग ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन अमले को देने की अपील की है।