रायपुर/दिल्ली : क्या वकील साहब ने अंदर बाहर के खेल में 15 करोड़ खुद अंदर कर लिए या फिर इसके हिस्सेदारी भी तय की गई थी । दरअसल,हज़ारों करोड़ के महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा घोटाले में बड़ी कार्यवाही करते हुए ED ने उस वकील को गिरफ्तार किया है,जिसने आरोपियों के अंदर-बाहर के खेल में 15 करोड़ रूपये अपनी तिजोरी में डाल लिए थे,इस खेल की कड़ियाँ उस समय सुलझती नज़र आई जब,आरोपी सौरभ चंद्राकर से ED ने कड़ी पूछताछ की थी,बगैर देर किए प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने महादेव एप्प सट्टा कारोबार के "मुख्य वकील" को अपनी गिरफ्त में ले लिया |

हालाँकि,एजेंसी को इसके लिए अदालत के समक्ष जमकर मशक़्क़त करनी पड़ी | वकील साहब के कानूनी दांव-पेंचों ने निचली अदालत में अपना रंग दिखाया और वकील साहब को हाथों- हाथ जमानत मिल गई,लेकिन एजेंसी ने इस जमानत को चुनौती देने में देरी नहीं की,बताते है,कि मजबूत दलीलों के साथ एजेंसी ने जब हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया,तो अगले ही पल वकील साहब ED की गिरफ्त में नज़र आए | दिल्ली से रायपुर का सफर तय कर आरोपी वकील को अदालत में पेश किया गया | अब वो ED रिमांड पर है,उनसे जारी पूछताछ में कई रहस्यों पर से पर्दा हटने के आसार है | बताया जाता है,कि महादेव सट्टा कारोबारियों के कई वकील कानूनी राय जाहिर करने के लिए भारत से दुबई काआए दिन सफर करते थे,अंदेशा जाहिर किया जा रहा है,कि जमानत के खेल में कतिपय वकील करोडो में खेल रहे थे |  

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि हिमांशु ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने और जजों व अधिकारियों को मैनेज कराने का भरोसा देकर 15 करोड़ रुपये लिए थे. ED की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर हिमांशु को रकम दिए जाने का खुलासा किया.जांच एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु पिछले 3 साल में कई बार दुबई गया और वहां सौरभ चंद्राकर से मुलाकात की. 20 नवंबर को दुबई जाते समय हिमांशु को मुंबई एयरपोर्ट पर LOC के आधार पर रोका गया था. बॉम्बे हाईकोर्ट से ED को राहत मिलने के बाद एजेंसी हिमांशु को रायपुर लेकर पहुंची. रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट ने ED को 28 नवंबर तक कस्टोडियल रिमांड दी है. ED अब कथित 15 करोड़ रुपये के लेनदेन, हवाला नेटवर्क और दुबई कनेक्शन की जांच करेगी.

सौरभ ने अपने बयान में आरोप लगाया कि हिमांशु को अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से कई अतिरिक्त नकद किस्तें पहुंचाई गईं। दुबई में भी उसे नकदी देने का दावा किया गया है। हिमांशु कथित तौर पर प्रमोटरों को बताता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। सौरभ के अनुसार, हिमांशु ने जजों और वकीलों से सीधे बातचीत होने का दावा भी किया था। उसने प्रमोटरों से कहा था कि संबंधित वकीलों और जजों से बात हो चुकी है। अदालतों में कुछ मामलों की सुनवाई और कानूनी गतिविधियों का हवाला देकर वह प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उनके लिए व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं।

ईडी की रिमांड अर्जी से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, सौरभ ने 18 नवंबर के बयान में हिमांशु से जुड़ा एक और घटनाक्रम बताया। इसमें लोटस365 डॉट कॉम से जुड़े पूर्व साझेदार और बुकी गिरीश तलरेजा का जिक्र है। सौरभ के मुताबिक, तलरेजा से विवाद के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। जब तलरेजा जयपुर से भोपाल पहुंचा तो सौरभ और रवि उप्पल ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर हिमांशु को दी। आरोप है कि हिमांशु ने भोपाल के एक होटल में ठहरे तलरेजा की गिरफ्तारी उसी दिन होने की बात कही थी। कुछ घंटे बाद ईडी ने तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ ने दावा किया कि इस घटनाक्रम से प्रमोटरों का हिमांशु पर भरोसा बढ़ गया। उन्हें लगने लगा कि उसके पास केंद्रीय जांच एजेंसियों की गोपनीय गतिविधियों की जानकारी है। हिमांशु ने इसी तरह कुछ गोपनीय जानकारियां साझा कर अपना प्रभाव स्थापित किया था।


ईडी ने हिमांशु के विदेश यात्रा रिकॉर्ड की पड़ताल की है। एजेंसी के अनुसार, वह अक्टूबर 2023 में दुबई गया था और कुछ दिनों बाद भारत लौटा था। इसके बाद भी दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच उसकी कई विदेश यात्राएं सामने आई हैं। यह वही अवधि है, जिसमें सौरभ ने अतिरिक्त नकद भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है। ईडी ने हिमांशु की कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले हैं। एजेंसी के अनुसार, कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी और कथित भुगतान के बीच संबंध की जांच की जा रही है।