रायपुर : राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पुन्नी मेले की रौनक छाई हुई है। खारून नदी के पावन तट पर आयोजित इस पारंपरिक मेले में भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन, पुण्य स्नान और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त महादेव घाट पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और शिवभक्ति का माहौल है, वहीं नदी के तट पर दीपदान और धार्मिक गतिविधियां मेले को विशेष स्वरूप दे रही हैं।

महादेव घाट स्थित प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर को छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। मान्यता है कि मंदिर का निर्माण कलचुरी राजा ब्रह्मदेव के शासनकाल में हुआ था। इसके निर्माण का समय लगभग 1402 ईस्वी बताया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर खारून नदी में स्नान और भगवान शिव की आराधना की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदी में स्नान, पूजा-पाठ और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि हर साल पुन्नी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

पुन्नी मेला सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली की भी झलक दिखाता है। मेले में खिलौनों, खानपान, पूजा सामग्री, श्रृंगार और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें सजती हैं। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहते हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आने वाले परिवार इस आयोजन में शामिल होकर धार्मिक परंपराओं के साथ मेले का आनंद लेते हैं।

स्थानीय छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए भी यह मेला महादेव घाट की पहचान केवल पुन्नी मेले तक सीमित नहीं है। यहां स्थित लक्ष्मण झूला, खारून नदी का प्राकृतिक नजारा, उद्यान और भगवान शिव की विशाल प्रतिमा भी लोगों को आकर्षित करती है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। आस्था, परंपरा और लोक उत्सव का यह संगम पुन्नी मेले को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ता है। बदलते समय के बावजूद पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही है।