पंजाब में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की सांसों पर संकट खड़ा कर दिया है। खन्ना में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 304 दर्ज किया गया, जो हवा की बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है। त्योहारों के दौरान आतिशबाजी से निकला धुआं और खेतों में पराली जलाने की घटनाओं ने प्रदूषण को और बढ़ा दिया है। जालंधर में AQI 281, लुधियाना में 265 और मंडी गोबिंदगढ़ में 214 दर्ज किया गया। वहीं पटियाला, बठिंडा और अमृतसर में हवा मध्यम श्रेणी में रही। पंजाब में 15 सितंबर से 24 नवंबर तक पराली जलाने की 7,146 घटनाएं दर्ज हुईं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 40 फीसदी ज्यादा हैं। फिरोजपुर 918 घटनाओं के साथ सबसे आगे रहा, जबकि संगरूर और तरनतारन में भी बड़ी संख्या में खेतों में आग लगने के मामले सामने आए।
प्रदूषण के बीच अब पंजाब में मौसम भी नई चुनौती लेकर आ रहा है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर तक कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। खासकर रात और सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली समेत कई इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और 1 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि बठिंडा 30.1 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। प्रदूषण, कोहरा और बढ़ती ठंड के बीच पंजाब के लोगों को आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।

टिप्पणियाँ (0)