वाराणसी में देव दीपावली का पर्व इस बार भक्ति, भव्यता और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के साथ मनाया गया। गंगा के घाटों से लेकर कुंडों और सरोवरों तक करीब 21 लाख दीपों की रोशनी से काशी जगमगा उठी। गंगा पार रेती पर 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव, महेश्वर सूत्र और मां गंगा के धरती पर अवतरण जैसे दृश्य उकेरे गए। करीब 10 मिनट के ड्रोन शो में 15 अलग-अलग आकृतियों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने विशेष महाआरती की, जिसमें शंखनाद, घंटियों, डमरू और वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच मां गंगा की आराधना की गई।

इस बार देव दीपावली की एक और खास बात रही कि काशी के 51 घाटों पर पहली बार एक साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया। आदि केशव घाट से सामने घाट तक गंगा के अर्धचंद्राकार तट पर दीपों की रोशनी और आरती के भव्य नजारे ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अस्सी, तुलसी, भदैनी से चेतसिंह घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जबकि गंगा की लहरों पर तैरते दीप ऐसा प्रतीत हो रहे थे मानो नदी ने रोशनी का हार पहन लिया हो। इस वर्ष 84 घाटों पर करीब 200 समितियों की ओर से दीपदान की व्यवस्था की गई। विशेष लेजर शो और पहली बार इस्तेमाल किए गए आठ इंच के आतिशबाजी शेल ने उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। दीपों की रोशनी, गंगा आरती और आसमान में शिव के दिव्य स्वरूप ने देव दीपावली को काशी के लिए यादगार बना दिया।