सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच पर एक नई मिसाल कायम करते हुए प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें फिनाले में 115 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर जेनिफर ने ताज हासिल किया। उनकी जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि मिस यूनिवर्स के 75 साल के इतिहास में वह पहली विवाहित महिला और मां हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है। जेनिफर की सात साल की बेटी है और उनकी यह उपलब्धि दुनिया भर में महिलाओं के लिए एक नई पहचान और प्रेरणा बनकर सामने आई है।

मिस यूनिवर्स संगठन ने साल 2022-23 के दौरान प्रतियोगिता के नियमों में बदलाव करते हुए विवाहित महिलाओं और माताओं को भी हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का ताज हासिल किया है। इससे पहले देश 1970, 1985, 1993, 2001 और 2006 में यह खिताब जीत चुका है। प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज सेकंड रनर-अप रहीं। जेनिफर के पास साइकोलॉजी में स्नातक के साथ साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हैं। वह प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर काम करती हैं और फरवरी 2026 में उन्होंने पहली बार रैंप वॉक किया था।