नई दिल्ली : - पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में ज्यादा शुगर, नमक और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को लेकर अब ग्राहकों को पैकेट के सामने ही साफ चेतावनी देने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि तय सीमा से अधिक इन पोषक तत्वों वाले खाद्य पदार्थों पर लाल रंग के षट्कोण (हेक्सागन) चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि खरीदारी के दौरान लोग आसानी से समझ सकें कि कौन-सा उत्पाद उनकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित लेबल में HIGH SUGAR, HIGH SALT और HIGH FAT जैसे स्पष्ट संदेश होंगे। पैकेट के सामने इन चेतावनी चिह्नों का आकार इतना बड़ा रखने का प्रस्ताव है कि ग्राहक उन्हें आसानी से देख और पढ़ सकें।

कोर्ट ने पोषण संबंधी मानकों में भी बदलाव पर विचार करने को कहा है। इसमें एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को आधार बनाने तथा निर्धारित सीमा की समीक्षा शामिल है। चेतावनी लेबल लागू करने के लिए चरणबद्ध व्यवस्था प्रस्तावित है, जिसमें शुरुआती दौर में दो या उससे अधिक पोषक तत्व तय सीमा से ज्यादा होने पर चेतावनी लगाई जा सकती है, जबकि आगे चलकर किसी एक तत्व की अधिक मात्रा पर भी लेबल अनिवार्य करने का प्रावधान हो सकता है। FSSAI को परामर्श प्रक्रिया और नियम तैयार करने के लिए चार महीने का समय दिया गया है। घी, तेल, नमक, चीनी, गुड़ और शहद जैसे एकल सामग्री वाले उत्पादों को छूट देने का प्रस्ताव भी है। यह मामला 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी की जनहित याचिका से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य मोटापा, डायबिटीज और दूसरी जीवनशैली संबंधी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।