आजकल की व्यस्त जिंदगी में कई लोग रोज खाना बनाने के बजाय एक साथ ज्यादा भोजन तैयार कर फ्रिज में रख देते हैं और उसे कई दिनों तक इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रिज में रखा खाना हमेशा सुरक्षित नहीं रहता? कम तापमान बैक्टीरिया की रफ्तार को धीमा जरूर करता है, लेकिन उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं करता। ऐसे में लंबे समय तक रखा या गलत तरीके से स्टोर किया गया खाना फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और आंतों के संक्रमण की वजह बन सकता है। खासतौर पर पके हुए चावल, दाल और सब्जियों को स्टोर करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। सामान्य खाद्य सुरक्षा दिशानिर्देशों के मुताबिक, 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान वाले फ्रिज में ज्यादातर पका हुआ खाना 3 से 4 दिन तक रखा जा सकता है।
किस खाने को कितने दिन तक फ्रिज में रखना सुरक्षित है? पकी हुई दाल, सब्जी, चावल, चिकन और मीट को सामान्य तौर पर 3-4 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लेना चाहिए, जबकि उबले हुए अंडे करीब एक सप्ताह तक रखे जा सकते हैं। कच्चे चिकन को 1-2 दिन से ज्यादा फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। चावल को लेकर विशेष सावधानी जरूरी है, क्योंकि कमरे के तापमान पर लंबे समय तक रखने से उसमें Bacillus cereus नामक बैक्टीरिया पनप सकता है, जिसके कुछ टॉक्सिन दोबारा गर्म करने पर भी नष्ट नहीं होते। इसलिए खाना पकने के बाद उसे दो घंटे के भीतर छोटे और उथले कंटेनर में रखकर फ्रिज में ठंडा करें। बार-बार पूरे खाने को गर्म करके वापस फ्रिज में रखने से बचें। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को पुराने खाने से विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। याद रखें, खाने में बदबू या खराब स्वाद न होना इस बात की गारंटी नहीं है कि वह सुरक्षित है।

टिप्पणियाँ (0)