मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शहर के वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन मीणा (24) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात जब परिवार के तीनों सदस्य घर में सो रहे थे, उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह घर में तीनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।


तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है और न ही किसी संदिग्ध की पहचान हुई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध CCTV फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से बुधनी में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस खूनी वारदात को किसने और किस मकसद से अंजाम दिया?