जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार मौका दिया। यहां तक कि अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे संपर्क कर हथियार डालने की अपील की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोबारा शुरू हुई गोलीबारी में वह मारा गया। ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया। राहत की बात यह रही कि मुठभेड़ के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

लतीफ भट 11 नवंबर को अखरान में CRPF की चौकी पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इस हमले में उसका साथी उमर निसार डार भी शामिल था, जो सोमवार को हुई मुठभेड़ में मारा जा चुका है। जांच में सामने आया कि दोनों ने हमले से पहले मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों की रेकी की थी। CCTV फुटेज के आधार पर उनकी पहचान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, निसार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ को पनाह और दूसरी मदद दे रहा था। लतीफ भट पर 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले में शामिल होने का भी आरोप था, जिसमें एक पुलिसकर्मी की जान गई थी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है।