रायपुर के भाठागांव इलाके में एक घर के अंदर दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांप दिखाई देने की सूचना पर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। बाद में सांप को जंगल में छोड़ दिया गया। रेड सैंड बोआ को आम बोलचाल में दोमुंहा सांप कहा जाता है। इसकी पूंछ का हिस्सा भी सिर जैसा गोल दिखाई देता है, जिससे इसके दो सिर होने का भ्रम पैदा होता है। इस सांप का वैज्ञानिक नाम एरीक्स जॉनी है और यह पूरी तरह विषहीन होता है।

खास बात यह है कि रेड सैंड बोआ को लेकर अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में करोड़ों रुपये तक कीमत होने की चर्चाएं हैं। अंधविश्वास और भ्रामक मान्यताओं के चलते इसकी तस्करी की कोशिशें भी होती हैं। जबकि यह सांप पर्यावरण और किसानों के लिए काफी उपयोगी है। यह चूहों और दूसरे छोटे जीवों को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित करने में मदद करता है। इसलिए कहीं भी यह सांप दिखाई दे तो घबराकर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।