दुर्ग : आज संविधान दिवस है,यह दिन भारत में संविधान दिवस (जिसे राष्ट्रीय कानून दिवस भी कहा जाता है) हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अपनाए जाने की स्मृति में यह दिन मनाया जाता है।इसे संयोग ही कहे,कि संविधान के जानकार के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान कायम करने वाले राज्य के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी ने अंतिम सांसे ली है |

जीवन भर कानून की गुत्थी सुलझाने से लेकर लोगों को संविधान का पाठ पढ़ाने वाले "विद्धवान" कनक तिवारी का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।वे लंबे समय से बीमार थे और बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर भिलाई (दुर्ग) के बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराए गए थे,जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधान सभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह समेत सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस के कई नेताओं ने शोक जाहिर करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है | जानकारी के मुताबिक,कनक तिवारी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को गृह नगर दुर्ग में किया जाएगा |

छत्तीसगढ़ में 15 साल बाद सत्ता में आई कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल सरकार में दिसंबर 2018 में कनक तिवारी को महाधिवक्ता बनाया गया था | लेकिन,मात्र 5 माह के कार्यकाल गुजरते ही कनक तिवारी को हटाकर नएमहाधिवक्ता की नियुक्ति की गई थी | छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रख्यात गांधीवादी विचारक,संविधान विशेषज्ञ और पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी के निधन से कानूनी, साहित्यिक और बौद्धिक जगत में शोक की लहर है। उन्होंने बीती रात भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जाता है,कि विदेश में रह रही उनकी बेटी के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।कनक तिवारी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर परिचितों और प्रशंसकों के बीच लगातार चिंता बनी हुई थी। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले तिवारी के फेसबुक पोस्ट भी काफी समय से कोई अपडेट नहीं आ रहे थे। वे कई पत्रकारों से नियमित बातचीत करते थे,इसमें राजनैतिक घटनाक्रमों और मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों पर उनके विचार संवैधानिक दायित्वों से ओत-प्रोत होते थे |

5 सितंबर को फेसबुक पोस्ट के जरिए कनक तिवारी ने पांचवीं बार आईसीयू में भर्ती होने की जानकारी साझा की थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने एक और पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने पद्मनाभपुर मोहल्ले में गणेश उत्सव के दौरान सार्वजनिक अभिनंदन का जिक्र किया था। अख़बारों में उनके लेख,नई विचारों और नई दिशाओं का समावेश जाहिर करते थे | कई पत्रकार उनके स्वास्थ्य को लेकर गाहे-बगाहे जानकारी लेते और जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते। उनके निधन को कानून, संविधान, साहित्य और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है |