नई दिल्ली : - अभिनेत्री श्रद्धा कपूर एक बार फिर अपने नए अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। उनकी आगामी बायोग्राफिकल फिल्म 'ईठा' का पहला गाना 'जी जी रे' रिलीज हो गया है। गाने में श्रद्धा कपूर का दमदार लावणी डांस और श्रेया घोषाल की सुरीली आवाज का ऐसा संगम देखने को मिला है, जिसने रिलीज होते ही लोगों के बीच चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा कलाकार और लावणी नृत्यांगना विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। गाने में उनका अंदाज, डांस की ऊर्जा और पारंपरिक लावणी का रंग कहानी की झलक पेश करता है।
दर्द के बीच मंच पर उतरीं श्रद्धा, डांस ने खींचा ध्यान
'जी जी रे' गाने में श्रद्धा कपूर एक ऐसे भावुक और चुनौतीपूर्ण दृश्य में नजर आती हैं, जहां विठाबाई बच्चे को जन्म देने के तुरंत बाद शारीरिक तकलीफ के बावजूद मंच पर प्रस्तुति देने पहुंचती हैं। उनके चेहरे के भाव, डांस की रफ्तार और जबरदस्त ऊर्जा इस किरदार की जिद और जुनून को बयां करती है। वहीं श्रेया घोषाल की आवाज ने गाने के प्रभाव को और बढ़ा दिया है। इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी अजय-अतुल ने संभाली है। गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर दर्शक श्रद्धा की मेहनत और श्रेया की गायकी की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने उनकी प्रस्तुति को शानदार बताया है।
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'ईठा'
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी 'ईठा' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है, जिन्होंने महाराष्ट्र की लोककला, तमाशा और लावणी को अपनी पहचान बनाया। फिल्म में श्रद्धा कपूर के जरिए उनकी संघर्षपूर्ण जिंदगी, कला के प्रति समर्पण और मंच से जुड़े जुनून को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। अब पहले गाने को मिल रही प्रतिक्रिया के बाद दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर टिकी है।

टिप्पणियाँ (0)