समस्तीपुर : - बिहार के समस्तीपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। छठ पूजा की तैयारियों के बीच प्रसाद को छूने और जूठा करने की बात पर एक मां ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि गुस्से में उसने अपनी महज 4 साल की बेटी सुहानी कुमारी की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है। बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ घाट बनाने गए हुए थे और घर पर मां बच्चों के साथ मौजूद थी।

बताया जा रहा है कि रीना कुमारी छठ पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थी। इसी दौरान मासूम सुहानी ने प्रसाद को छू दिया, जिससे वह नाराज हो गई और बच्ची की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।