लखनऊ : - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। अब वह मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में शामिल होने के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे। पहले उनका फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय था। इसके तहत मुख्यमंत्री को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में बैठक के बाद बरसाना जाकर दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देनी थी। इसके बाद उन्हें आगरा पहुंचकर विधायक के परिवार से मिलना था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के चलते यह मुलाकात टल गई। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं।

इधर, मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर व्यापक मंथन हुआ। कमजोर बूथों को मजबूत करने, हारी हुई सीटों पर पार्टी की स्थिति सुधारने, नए सामाजिक समीकरण बनाने और विपक्ष के पीडीए नैरेटिव का जवाब तैयार करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और नए चेहरों को मौका देने पर भी विचार किया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मथुरा की बैठक के बाद योगी का अचानक दिल्ली रवाना होना और आगरा दौरा रद्द होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।