रायपुर : - बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ने वाला है। मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। तूफान 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश और यनम के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और तेज झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के आसपास के इलाकों में भी मौसम बदल सकता है।
वहीं, प्रदेश में ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग का अंबिकापुर 13 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि बलरामपुर में पारा 13.3 डिग्री और बस्तर में 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी प्रदेश में एक तरफ ठंड की चुभन बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के चलते भारी बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है।

टिप्पणियाँ (0)