रायपुर : आपत्तिजनक वीडियो को लेकर विवादों में घिरे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आज मंगलवार को अपनी गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंच गए। यहां पुलिस उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। इस वीडियो को लेकर भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने अमित जोगी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।दरअसल, अमित जोगी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को दिखाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।

एफआईआर दर्ज कराने के बाद राजेश मूणत ने कहा था कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर इस तरह का वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पर प्रसारित करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों और सिद्धांतों की लड़ाई होनी चाहिए, लेकिन अपनी बात रखने का भी एक मर्यादित तरीका होता है।

अब इस मामले में अमित जोगी खुद थाने पहुंचकर गिरफ्तारी देने की बात कह रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगी।