उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे गूलर घाटी के पास हुआ, जहां हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्गम रास्ते के बावजूद बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और 26 घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में सड़क पर तीव्र ढलान वाले मोड़ को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस का टैक्स भी 31 अक्टूबर को समाप्त हो चुका था। एसएसपी श्वेता चौबे और गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए सीओ स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन डेस्क भी बनाई गई है।
देखें वीडियो : - ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मौत का सफर! गहरी खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 8 की गई जान..

टिप्पणियाँ (0)