नई दिल्ली : - भारतीय सिनेमा में इन दिनों आध्यात्मिक और धार्मिक विषयों पर आधारित फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। 'हनुमान अंश' को मिली दर्शकों की प्रतिक्रिया के बाद अब एक और फिल्म चर्चा में है, जो एक महान संत के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को बड़े पर्दे पर उतारने जा रही है। लेखक और आध्यात्मिक विचारक डॉ. विक्रम मिश्रा ने अपनी आगामी हिंदी फिल्म 'रुद्रयोगी' की घोषणा की है। यह फिल्म उनकी चर्चित किताब 'महादेव अंश' से प्रेरित होगी और श्रद्धेय संत देवराहा बाबा के जीवन पर आधारित एक आध्यात्मिक ड्रामा होगी। फिल्म को साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।

देवराहा बाबा के किरदार के लिए कई सितारों पर नजर

फिल्म में संत देवराहा बाबा की भूमिका कौन निभाएगा, इसे लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। इस किरदार के लिए विनीत कुमार सिंह, मोहित रैना, अविनाश तिवारी, शरद केलकर, करण टैकर, राजीव खंडेलवाल और अंशुमान पुष्कर जैसे अभिनेताओं के नामों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक किसी भी अभिनेता के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है। फिल्म का फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है, जिसमें लकड़ी के चबूतरे पर विराजमान एक तपस्वी, उनके पास रखा त्रिशूल और पीछे चमकता आसमान नजर आता है। पोस्टर की टैगलाइन 'एक संत… एक युग… रुद्र के अंश…' फिल्म की आध्यात्मिक कहानी की ओर इशारा करती है। शिव त्रिशूल प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले डॉली मिश्रा इसका निर्माण करेंगी, जबकि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता रवि राज मुर्मू निर्देशन की जिम्मेदारी संभालेंगे।