नई दिल्ली : - पर्दे पर अपने किरदार को असल रूप देने के लिए अभिनेत्री साई पल्लवी ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसकी उम्मीद उनके परिवार को भी नहीं थी। 'रामायण' में माता सीता के किरदार से चर्चा में आईं साई अब अपनी अगली फिल्म 'ओम' में बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएंगी। इस फिल्म के लिए अभिनेत्री ने अपने लंबे बाल कटवा दिए हैं। खास बात यह है कि उनके इस बदले हुए लुक को देखकर उनकी मां इतनी हैरान हुईं कि वीडियो कॉल पर बेटी को देखते ही फोन काट दिया। साई पल्लवी ने खुद एक इंटरव्यू में यह दिलचस्प किस्सा साझा किया और बताया कि वह अपने बाल कभी नहीं कटवातीं, लेकिन इस बार किरदार की जरूरत के आगे उन्होंने अपनी पसंद को भी पीछे रख दिया।
बेटी को पहचान नहीं पाईं मां, पिता ने पूछा- विग लगाया है क्या?
साई पल्लवी ने बताया कि बाल कटवाने के बाद उन्होंने सबसे पहले अपनी मां को वीडियो कॉल किया, लेकिन नया लुक देखते ही मां ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद उन्होंने पिता को फोन लगाया। बेटी के छोटे बाल देखकर पिता ने भी हैरानी से पूछा कि क्या यह विग है? जब साई ने बताया कि उन्होंने सच में अपने बाल कटवाए हैं, तब जाकर उन्हें यकीन हुआ। निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने भी अभिनेत्री के इस फैसले की सराहना की है। उनका कहना है कि साई ने किरदार की जरूरत को समझते हुए यह बदलाव किया, जो कहानी के प्रति उनके समर्पण को दिखाता है। फिल्म 'ओम' में साई पल्लवी के साथ ममूटी, धनुष और श्रीलीला भी नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज 20 नवंबर को प्रस्तावित है।

टिप्पणियाँ (0)