नई दिल्ली : - पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर जहाज को निशाना बनाया गया है। इस बार पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'तारा गैस' पर मिसाइल से हमला किया गया। राहत की बात यह है कि हमले के वक्त जहाज पर मौजूद सभी 24 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। चालक दल के कुल 25 सदस्यों में से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमला 16 नवंबर को हुआ था। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में रहकर भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

एक सप्ताह में तीसरी घटना, भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में भारतीय नाविकों से जुड़े जहाजों पर हमले की यह हालिया घटना है। इससे पहले 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले एक जहाज को मिसाइल या रॉकेट से निशाना बनाया गया था। उस जहाज पर 19 भारतीय नाविक सवार थे, जो हमले के बाद सुरक्षित बच गए। इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को सऊदी अरब के झंडे वाले 'एनसीसी फज्र' जहाज पर भी हमला हुआ। उस जहाज पर तीन भारतीय नाविक मौजूद थे और पूरा चालक दल सुरक्षित रहा। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही प्रभावित हुई है। इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर बढ़ते खतरे के चलते अंतरराष्ट्रीय जहाजों और उन पर तैनात भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है।