रायपुर : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सालाना उत्सव धूम-धाम से जारी है | अनाज मंडियों से लेकर सहकारी समितियों में धान संग्रहण और बिकवली से किसानों की बांझे खिल गई है | धान खरीदी केंद्रों में पहले दिन से ही किसानो का ताँता लगने लगा है| इस बार अधिकतम लाभ की उम्मीद में किसानों ने ''अच्छे दाम-अच्छी फसल'' का नारा देते हुए,संग्रहण केंद्रों में दस्तक दी है |
देश के PDS सिस्टम में छत्तीसगढ़ उपार्जित धान का बड़ा हिस्सा शामिल है | इस लिहाज़ से राज्य में धान खरीदी केंद्रों का नज़ारा किसी उत्सव स्थल से कम नज़र नहीं आ रहा है | यहाँ आने वाले ज्यादातर किसान तस्दीक कर रहे है,कि वे अभी टोकन लेने आए है,मौसम के रुख को देखते हुए जल्द ही फसल भी साथ लेकर आएंगे | कई किसान तीज-त्यौहार के चलते अपनी व्यस्तता जाहिर करते हुए धान खरीदी मामले में सरकार के रुख को सकारात्मक बता रहे है | धान के एवज में समर्थन मूल्य पर मोटी रकम के साथ-साथ अवैध धान परिवहन पर कड़ाई से रोक लगाने के सरकारी मंसूबों से कई किसान समूहों और उनके संगठनों ने संतोष जाहिर किया है |
यह पहला मौका है,जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने प्रदेश के प्रभावित और कम रकबे वाले किसानों की जेब भरने के लिए प्रति एकड़ धान की पैदावार 21 क्विंटल से कम भी होती है (जैसे 12 क्विंटल), तब भी उस किसान को कृषक उन्नति योजना और अन्य प्रावधानों के तहत पूरे 21 क्विंटल के हिसाब से भुगतान और अंतर की राशि देने का फैसला किया है | मुख्यमंत्री के इस कदम को पीड़ित किसानों के प्रति सहानुभूति और संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है |
इस बीच मध्यप्रदेश से सटे राज्य के कवर्धा और राजनांदगांव में प्रशासन ने वाहनों समेत धान की खेप की खेप पकड़ी है | बताया जाता है,कि प्रदेश के किसानों के अरमानों पर पानी फेरने वाले बिचौलिये और अवैध धान खपाने वाले कारोबारियों पर राज्य सरकार ने शुरुआती दौर से ही सख़्ती बरतना शुरू कर दिया है | इस कड़ी में पडोसी राज्य मध्यप्रदेश से अवैध रूप से धान परिवहन कर सरहदी जिलों कवर्धा और राजनांदगांव में खपाने की योजना का भंडा फोड़ हुआ है | शासन-प्रशासन की टीम ने कवर्धा में करीब 38 क्विंटल धान जब्त किया है। इस सिलसिले में माजदा वाहन समेत 2 आरोपी धरे गए है | जप्त माल की कुल कीमत 6.17 लाख रुपये आंकी गई है |
जबकि,राजनांदगांव में एक ही दिन में कुल 278 कट्टा यानी 111.20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। इसमें स्थानीय दो व्यापारियों के ठिकानों से 48 क्विंटल धान और धान खरीदी केंद्र में पुराने व मिक्स धान की खेप पकड़ी गई है। इस सिलसिले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है | बता दे,कि स्थानीय धान उपार्जन केंद्र में भी पुराने धान को खपाने की कोशिश सामने आई है। जानकारी के मुताबिक,एक किसान 76.80 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन लेकर खरीदी केंद्र पहुंचा था। जांच के दौरान उसके धान में 65 कट्टा पुराना और 93 कट्टा मिक्स धान पाया गया। टीम ने कुल 158 कट्टा यानी 63.20 क्विंटल धान जब्त कर समिति के सुपुर्द कर दिया। प्रशासन ने मामले की जाँच के निर्देश दिए है | मध्य प्रदेश की सरहद की तर्ज पर उड़ीसा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है | ताकि,धान के अवैध परिवहन पर कड़ाई से रोक लगाईं जा सके | छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक न्यूनतम समर्थन मूल्य 3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जारी रहेगी | राज्य सरकार ने किसानों को भुगतान का पुख़्ता बंदोबस्त किया है |
बताया जाता है,कि धान खरीदी प्रक्रिया में प्रदेश के किसानों के हितों का बख़ूबी ख्याल रखा जा रहा है | धान खरीदीं केंद्रों की व्यवस्था और किसानों की समस्या दूर करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं हालात का जायजा ले रहे है | इसके लिए किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए गए है | प्राप्त जानकारी के अनुसार,छत्तीसगढ़ में 3100 केंद्रों पर धान खरीदी की प्रक्रिया बगैर व्यवधान जारी है | बीते दो दिन में 5.65 लाख क्विंटल की धान खरीदी की गई | जानकार तस्दीक करते है,कि इस हफ्ते से तेज़ी आने के आसार है,उनके मुताबिक शुरूआती दौर में तीज-त्यौहार का असर धान खरीदी पर पड़ता है,लेकिन जैसी ही देवउठनी (एकादशी) की तिथि गुजरती है,वैसे ही मंडियों में किसानों का हुजूम लग जाता है |

टिप्पणियाँ (0)