बिहार को विकास की नई रफ्तार देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। उनका यह अंदाज नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में NDA की जीत के बाद पटना में हुए जश्न की याद दिला गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने बिहार की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस राज्य में कभी घोटालों की चर्चा होती थी, आज वहां निवेश के आंकड़ों की बात हो रही है।

करीब 9.76 किलोमीटर लंबे मुख्य पुल की कुल परियोजना लंबाई संपर्क मार्गों सहित 19.7 किलोमीटर है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने के साथ राघोपुर दियारा के लोगों को भी पटना आने-जाने में सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। नीतीश सेतु को बिहार की कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।