रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। मामले में मनी मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालने वाले विकास अग्रवाल पर आरोप है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दबाव बढ़ने के बाद उसने घोटाले से जुड़ी 1200 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए दुबई पहुंचाई थी। बताया जा रहा है कि मई से जुलाई 2022 के बीच रकम को अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर किया गया और इस पूरी प्रक्रिया में करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस रकम का इस्तेमाल दुबई में संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि विकास अग्रवाल रकम जुटाने से लेकर उसके वितरण तक का पूरा नेटवर्क संभालता था। इसके लिए उसने एक दर्जन से अधिक लोगों को जिम्मेदारी दे रखी थी और रायपुर में तीन से चार स्थानों पर कलेक्शन पॉइंट बनाए गए थे। अलग-अलग जिलों से रकम इकट्ठा कर रायपुर पहुंचाई जाती थी, जहां से उसे अनवर ढेबर के निर्देश पर आगे भेजा जाता था। अब ईओडब्ल्यू और केंद्रीय जांच एजेंसियां दुबई में कथित तौर पर खरीदी गई संपत्तियों, हवाला के जरिए भेजी गई रकम और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं। विकास अग्रवाल और महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर रवि उप्पल के दुबई में पकड़े जाने के बाद दोनों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी तेज किए जाने की बात सामने आई है।

टिप्पणियाँ (0)