रायपुर : राजधानी में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ उत्तर जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उरला और खमतराई इलाके में एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर छापेमारी और जांच की गई। इस दौरान 10 कबाड़ियों के यहां से करीब 8 टन कबाड़ जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए कबाड़ के संबंध में कारोबारी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर की गई।
पुलिस की जांच में उरला थाना क्षेत्र के 8 कबाड़ियों में से 6 के यहां और खमतराई थाना क्षेत्र के 12 कबाड़ियों में से 4 के यहां से कबाड़ मिला। पुलिस अब जब्त स्क्रैप की खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और लाइसेंस की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कबाड़ कहां से लाया गया था। चोरी का माल खरीदने या अवैध कारोबार में संलिप्तता की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत की है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

टिप्पणियाँ (0)