काबुल : - अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार सुबह एक भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। प्रांतीय राजधानी असदाबाद में शागी मिडिल स्कूल के पास हुए धमाके में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 97 लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। विस्फोट के बाद घायलों को तत्काल कुनार प्रांतीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामूली रूप से घायल कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह धमाका किसी हमले के बजाय निर्माण कार्य के लिए रखे गए विस्फोटकों के फटने से हुआ। बताया जा रहा है कि कुनार-नूरिस्तान राजमार्ग पर खनन और चट्टानों को हटाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विस्फोटक शागी मिडिल स्कूल के पास स्थित एक घर में रखे थे, जो अचानक फट गए। धमाके की चपेट में आने से आसपास मौजूद लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं चिकित्सा सहायता का काम शुरू किया गया।

टिप्पणियाँ (0)