नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपने पहले द्विपक्षीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। इस दौरे को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बालेन शाह आज शाम विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे, जबकि कल राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा। इसके बाद वे राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन सेवा का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह ट्रेन भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम को रेल मार्ग से जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। इसके प्रमुख ठहराव अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होंगे। इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन, व्यापार और पारिवारिक संपर्क में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वहीं, बालेन शाह के भारत दौरे में नेपाल की एक बड़ी मांग यानी नए हवाई मार्गों का मुद्दा भी अहम रहने वाला है। नेपाल चाहता है कि भारत महेंद्रनगर के रास्ते आने वाले अंतरराष्ट्रीय विमानों को भी सीधे अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दे। इससे पोखरा और भैरहवा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों तक पश्चिमी देशों और खाड़ी से आने वाली उड़ानों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी। फिलहाल इस मार्ग से जुड़ी अनुमति और उड़ानों की ऊंचाई को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। भारत की चिंता राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी है, क्योंकि प्रस्तावित हवाई मार्गों के आसपास गोरखपुर जैसे संवेदनशील सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर बातचीत अहम मानी जा रही है। गौरतलब है कि बालेन शाह राजनीति में आने से पहले रैपर थे। भ्रष्टाचार और राजनीतिक व्यवस्था पर अपने गानों के जरिए सवाल उठाने वाले बालेन ने 2022 में काठमांडू के मेयर का चुनाव निर्दलीय जीतकर राजनीतिक सफर शुरू किया था। इसके बाद नेपाल के युवा आंदोलन में सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेतृत्व में आगे बढ़ते हुए वे प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे। अब उनके भारत दौरे पर दोनों देशों के रिश्तों, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग को लेकर सबकी नजरें टिकी हैं।