छत्तीसगढ़ के कांकेर में रिश्वतखोरी के आरोप में स्टेट GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ACB के शिकंजे में आ गईं। आरोप है कि एक कारोबारी से GST कम करने और ई-वे बिल से जुड़े मामले में फंसे वाहन को राहत दिलाने के बदले 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। कारोबारी की शिकायत पर ACB ने मामले का सत्यापन किया और रायपुर-जगदलपुर की टीम ने मिलकर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अधिकारी के आवास पर जैसे ही रिश्वत की रकम पहुंची, ACB की टीम ने दबिश दे दी।
बताया जा रहा है कि टीम को अचानक सामने देखकर अधिकारी घबरा गईं और रिश्वत के नोटों के बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, ACB टीम ने नोट बरामद कर लिए और रिश्वत लेने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में इमरान मेमन नाम के कथित बिचौलिये की भूमिका भी सामने आई है, जिसके जरिए रिश्वत की रकम पहुंचने की बात कही जा रही है। अब ACB पूरे मामले की जांच कर रही है और रिश्वत मांगने से लेकर रकम पहुंचाने तक की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

टिप्पणियाँ (0)