रायपुर : - छत्तीसगढ़ में मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए NEET UG काउंसिलिंग के मॉप-अप राउंड की आवंटन सूची जारी हो गई है। प्रदेश में MBBS की 206 और BDS की 225 सीटें खाली हैं। जिन अभ्यर्थियों को इस चरण में सीट आवंटित हुई है, उन्हें 15 अक्टूबर शाम 5 बजे तक एडमिशन लेना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन की अंतिम समय-सीमा शाम 4 बजे निर्धारित की गई है। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थियों का प्रवेश का मौका छूट सकता है।
सरकारी और निजी कॉलेजों के लिए अलग-अलग सत्यापन केंद्र
सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में आवंटित सीटों के लिए दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित कॉलेज में किया जाएगा। निजी मेडिकल कॉलेजों के अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी। निजी डेंटल कॉलेजों के अभ्यर्थियों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। काउंसिलिंग के नियमों के अनुसार, सीट आवंटित होने के बाद एडमिशन नहीं लेने या प्रवेश के बाद सीट छोड़ने पर सिक्योरिटी अथवा पंजीयन राशि जब्त हो सकती है। ऐसे अभ्यर्थी आगे की काउंसिलिंग प्रक्रिया से भी बाहर हो सकते हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को समय-सीमा और प्रवेश संबंधी नियमों का विशेष ध्यान रखना होगा।
टिप्पणियाँ (0)