रायपुर : - छत्तीसगढ़ पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे। भारतीय टीम रायपुर पहुंच चुकी है और जिम्बाब्वे की टीम भी सोमवार को यहां पहुंच गई। अब दोनों टीमों की नजरें मैदान पर अभ्यास और सीरीज की तैयारियों पर हैं। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज खास है, क्योंकि स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर टीम की अगुवाई करेंगी। शेफाली वर्मा उपकप्तान होंगी, जबकि हरमनप्रीत कौर समेत 15 खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है।

मैचों के आयोजन के लिए प्रशासन ने कसी कमर

अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान दर्शकों को सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी है। रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित स्थानीय सहायता समिति में पुलिस, परिवहन, खेल विभाग, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं। स्टेडियम में ऑनलाइन टिकट, ई-टिकट स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल और खानपान की व्यवस्था की जाएगी। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और ग्रीन कॉरिडोर की तैयारी भी रहेगी। गौरतलब है कि एनजीटी ने 2 जुलाई 2026 को रायपुर समेत तीन स्टेडियमों में उसकी मंजूरी के बिना आगे मैच आयोजित करने पर अंतरिम रोक लगाई थी। बाद में सुनवाई के दौरान इन तीन महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैचों के आयोजन के लिए रोक हटाई गई, जिसके बाद सीरीज का रास्ता साफ हुआ।