बीजापुर : - इंद्रावती नदी के आसपास के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को नक्सलियों की बड़ी संपत्ति हाथ लगी है। जमीन के नीचे स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा गया 330 तोला सोना और 24 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई है। डीआरजी, जिला पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान यह बरामदगी की। सोने और नकदी की कुल कीमत करीब 4.53 करोड़ रुपये आंकी गई है।


तलाशी के दौरान जमीन में दबा स्टील का डिब्बा निकाला गया, जिसमें 10-10 तोला वजन के सोने के 33 बिस्किट मिले। इनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.29 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा टिन में लिपटे पैकेट से 500 रुपये के नोटों में 24.22 लाख रुपये नकद मिले। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बीच अब तक अलग-अलग इलाकों से 8.24 करोड़ रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।