नई दिल्ली : - बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर मराठी सिनेमा से जुड़ने जा रही हैं। करीब एक दशक बाद वह अपनी चर्चित मराठी फिल्म 'वेंटिलेटर' का सीक्वल लेकर आ रही हैं। प्रियंका ने सोशल मीडिया के जरिए 'वेंटिलेटर 2' की घोषणा कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। साल 2016 में रिलीज हुई पहली फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी खूब सराहा था। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए प्रियंका के प्रोडक्शन हाउस पर्पल पेबल पिक्चर्स ने अपनी शुरुआत की थी। अब कंपनी के 10 साल पूरे होने के मौके पर उसी खास फिल्म की कहानी को एक बार फिर आगे बढ़ाने की तैयारी है। फिल्म 2027 में रिलीज होगी।

प्रियंका ने खास अंदाज में किया सीक्वल का ऐलान

प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर 'वेंटिलेटर 2' की घोषणा करते हुए अपने प्रोडक्शन सफर के पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि पर्पल पेबल पिक्चर्स शुरू करने के पीछे उनका मकसद ऐसी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाना था, जिनमें मनोरंजन के साथ कोई सार्थक संदेश भी हो। साल 2016 की 'वेंटिलेटर' उनके लिए ऐसी ही एक खास फिल्म थी। अब दस साल बाद उसी कहानी की दुनिया में दोबारा लौटना उनके लिए बेहद खास है।