राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरी धार्मिक यात्रा को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो ट्रैवलर कराड़िया टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यात्री मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के ग्राम घाट बिरोली समेत अन्य स्थानों के रहने वाले थे।
हादसे की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन के भीतर फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सभी 17 घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस को आशंका है कि सुबह के समय चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ होगा, हालांकि हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्शन की उम्मीद लेकर निकले श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए यह हादसा गहरे दुख की वजह बन गया है।

टिप्पणियाँ (0)