रायपुर : - ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के कथित कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस ने आरोपी बाबू उर्फ गुलशन खेमानी की संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है। न्यायालय ने करीब 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। इसमें कृषि भूमि, रिहायशी भूखंड, महाराष्ट्र में स्थित व्यावसायिक दुकान और बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा रकम शामिल है। गंज थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने वित्तीय जांच के बाद इन संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर न्यायालय में कुर्की का आवेदन पेश किया था। 16 अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, रायपुर ने इस पर आदेश जारी किया। इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े कथित आर्थिक लेन-देन की जांच में अहम कदम माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी समेत अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में कथित तौर पर कॉल सेंटर, मोबाइल नंबरों और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए सट्टे का संचालन करने तथा रकम को दूसरे खातों में जमा कराकर आगे ट्रांसफर करने की बात सामने आई। कुर्की के आदेश में महासमुंद के अरंड गांव की कृषि भूमि, रायपुर के देवपुरी और जोरा पारा के भूखंड, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ की व्यावसायिक दुकान और बैंक ऑफ इंडिया की FD में जमा 40.50 लाख रुपये शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी मामले में करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री और वाहन जब्त किए जा चुके हैं। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए गिरोह से जुड़ी अन्य संभावित संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।