लखनऊ : - उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी वादों के जरिए समाजवादी पार्टी ने बड़ा दांव खेला है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और PDA वर्ग को साधने के लिए कई बड़े एलान किए हैं। शहरों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी, गन्ना भुगतान 24 घंटे के भीतर, युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं और बुजुर्गों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने जैसे वादे शामिल हैं। इसके अलावा 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप, 5 रुपये में भोजन वाली समाजवादी कैंटीन, 23 फसलों और दूध पर MSP की गारंटी तथा सरकारी नौकरियों में बड़े पैमाने पर भर्ती का वादा किया गया है। अखिलेश ने घोषणा की कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी और लंबित भर्ती परीक्षाओं को छह महीने में पूरा करने का प्रयास होगा।

किसानों से लेकर युवाओं तक, घोषणापत्र में क्या-क्या?

  1. बिजली: शहरों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा।
  2. किसान कर्जमाफी: किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा।
  3. गन्ना भुगतान: गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का वादा।
  4. MSP की गारंटी: 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी।
  5. बेरोजगारी भत्ता: रोजगार मिलने तक युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये।
  6. सरकारी नौकरी: 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती का एलान, वहीं 25 लाख युवाओं को पांच साल में नौकरी देने का वादा भी किया गया है।
  7. रोजगार: 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा।
  8. लैपटॉप: 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का वादा।
  9. महिला पेंशन: महिलाओं और बुजुर्गों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन।
  10. समाजवादी कैंटीन: 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की योजना।
  11. सरकारी ठेके: 50 करोड़ रुपये तक के ठेकों में PDA और दलित वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण का वादा।
  12. जातिगत जनगणना: सरकार बनने पर जातिगत जनगणना शुरू कराने की घोषणा।


जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ बनेगी अलग STF

अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था और भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष टास्क फोर्स (STF) बनाई जाएगी, जो जमीन से जुड़े मामलों पर काम करेगी। इस टीम के जरिए गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों को कब्जे से बचाने तथा भूमाफियाओं पर कार्रवाई करने की बात कही गई है। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में भूमाफिया बढ़े हैं और सरकारी जमीनों, तालाबों व अन्य संपत्तियों पर कब्जे हुए हैं। प्रस्तावित STF की अलग पहचान वाली गाड़ियां होंगी और टीम लगातार पेट्रोलिंग करेगी।


अपराध, माफियागिरी और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्ती

सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, जमीन कब्जाने, धमकी देने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। तहसील स्तर तक फोरलेन सड़क नेटवर्क विकसित करने का वादा भी किया गया है। अखिलेश ने गोमती रिवरफ्रंट का जिक्र करते हुए इसे देश के बेहतरीन रिवरफ्रंट में से एक बताया और कहा कि यदि इसका एक किलोमीटर हिस्सा और पूरा हो जाता तो नदी शहर के भीतर साफ बहने वाली पहली नदी बन सकती थी।


गरीबों को मुफ्त इलाज, ग्रामीण विकास पर डेढ़ लाख करोड़

घोषणापत्र में PDA और गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त देने का वादा किया गया है। इसमें इलाज, दवाएं, भोजन और रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की बात है। कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित कर शोध कार्य शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज करने का एलान किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने, न्यू विलेज क्लस्टर बनाने और गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की योजना भी शामिल है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने का वादा किया गया है।