मुंबई : - मायानगरी मुंबई में एक बार फिर बम धमाके की धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। एक धमकी भरे ईमेल में शहर के चार महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' शामिल है। धमकी की जानकारी सामने आते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईमेल की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी कहां से भेजी गई और इसके पीछे किसका हाथ है।

अमिताभ बच्चन का बंगला पहले भी आया था निशाने पर
मुंबई में धमकी मिलने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 23 अक्टूबर को भी एक ईमेल के जरिए अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। यह ईमेल बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एक स्कूल को प्राप्त हुआ था। इसके अलावा बीएमसी कार्यालय को भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। वहीं, 20 मार्च को मुंबई प्रेस क्लब को भेजे गए ईमेल में इमारत के भीतर जहरीली गैस वाले उपकरण रखे होने का दावा किया गया था। हालांकि, संबंधित स्थानों पर जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। लगातार मिल रही इन धमकियों के बीच अब जांच एजेंसियां नए ईमेल की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस के लिए यह पता लगाना अहम है कि अलग-अलग संस्थानों और प्रमुख हस्तियों को निशाना बनाकर धमकी देने के पीछे कोई संगठित साजिश है या फिर दहशत फैलाने की कोशिश।

टिप्पणियाँ (0)