पटियाला : - पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक कर्मभूमि एक्सप्रेस (12407) के चार डिब्बों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। अपनी जान बचाने के लिए यात्री ट्रेन से नीचे उतरने लगे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।


जानकारी के मुताबिक, अमृतसर की ओर जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस जब सराय बंजारा स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी उसके चार डिब्बों में आग भड़क उठी। एहतियात के तौर पर प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया, ताकि आग दूसरे डिब्बों तक न फैल सके। शुरुआती अनुमान में शॉर्ट सर्किट या किसी विद्युत उपकरण को आग की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कुछ यात्रियों के मामूली रूप से घायल होने की आशंका भी जताई गई है। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा, आग पर पूरी तरह काबू पाने और हादसे के कारणों का पता लगाने पर रेलवे प्रशासन का ध्यान केंद्रित है।