बेंगलुरु के कॉटनपेट इलाके में शुक्रवार सुबह एक लॉज के अंदर 22 वर्षीय नर्सिंग ग्रेजुएट गंगा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। केरल की रहने वाली गंगा हाल ही में नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में गुरुवार को बेंगलुरु पहुंची थी। इस वारदात में उसके पुराने दोस्त 23 वर्षीय गोकुल कृष्णा पर हत्या का आरोप है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पिछले चार साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और उनके बीच प्रेम संबंध भी थे। बताया जा रहा है कि लॉज में ठहरने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गंगा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने खुद लॉज मैनेजर को घटना की जानकारी दी। मैनेजर की सूचना पर कॉटनपेट पुलिस मौके पर पहुंची और गोकुल कृष्णा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में विवाद की असली वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भी बीएससी नर्सिंग ग्रेजुएट है और छात्रों को नर्सिंग कॉलेजों में दाखिला दिलाने का काम करता है। वहीं, दिल्ली के शकरपुर इलाके में भी मामूली कहासुनी के बाद 17 वर्षीय नौशाद की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है।