रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब होटल, क्लब और म्यूजिक कंपनियों तक पहुंच गई है। ED की अलग-अलग टीमों ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में एक साथ छापेमारी की। जांच के दायरे में होटल, क्लब और मनोरंजन कारोबार से जुड़े कई ठिकाने रहे। वहीं, दिल्ली में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेजर और हस्तलिखित नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी अब इन दस्तावेजों के जरिए सट्टा नेटवर्क से जुड़े पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रायपुर में VIP रोड स्थित सात होटल और क्लब ED की जांच के दायरे में रहे। टीमों ने यहां करीब दो घंटे तक दस्तावेजों, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का रायपुर में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश होने की आशंका है। ED को संदेह है कि सट्टे से अर्जित रकम को होटल, क्लब, रेस्टोरेंट और मनोरंजन कारोबार में लगाकर वैध निवेश के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। एजेंसी अब निवेश की रकम के स्रोत, कारोबारी साझेदारों और लेन-देन के रास्तों की जांच कर रही है।महादेव सट्टा मामले की जांच में पहले भी हवाला नेटवर्क और विदेशों में संपत्तियों से जुड़े इनपुट सामने आए हैं। अब होटल और क्लब में कथित निवेश की पड़ताल के जरिए ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से हासिल रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से कारोबार में लगाई गई। छापेमारी के दौरान वित्तीय दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए जाने की जानकारी है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई ने एक बार फिर दुर्ग जिले में हलचल मचा दी है। शुक्रवार को ED की टीम ने दुर्ग में होटल कारोबार से जुड़े एक कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी। जांच टीम पुलगांव स्थित जिले के एक चर्चित बड़े होटल और सूर्य विहार स्थित बंगले पर पहुंची है। दोनों स्थानों पर जांच की कार्रवाई जारी बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, ED की टीम रोहन कुकरानी नामक व्यक्ति के आवास पर जांच के लिए पहुंची है। बताया जा रहा है कि रोहन कुकरानी पुलगांव स्थित एक बड़े होटल में मुख्य शेयरधारक हैं। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप प्रकरण में भी उनका नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसी कड़ी में जांच एजेंसी की टीम उनके कारोबारी और आवासीय ठिकानों पर दस्तावेजों तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

उधर,महादेव सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली केअधिवक्ता हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक का नाम म्यूजिक कारोबार से भी जुड़कर सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह OCM रिकॉर्ड नाम की म्यूजिक कंपनी का को-फाउंडर है। इसके अलावा दिल्ली के लाजपत नगर स्थित यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में उसकी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की जानकारी भी सामने आई है। उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी अभिनेत्री और गायिका हैं। ED इन कंपनियों में निवेश, हिस्सेदारी और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।दिल्ली में हुई छापेमारी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये के हवाला लेन-देन से जुड़े कथित लेजर और हस्तलिखित नोट मिलने की जानकारी है। इन दस्तावेजों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज होने की बात कही जा रही है। ED अब इन रिकॉर्ड का मिलान महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से कर रही है। हालांकि, इन दस्तावेजों में दर्ज रकम और महादेव सिंडिकेट के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

OCM रिकॉर्ड से जुड़े म्यूजिक वीडियो में चित्रांशी ध्यानी कई चर्चित चेहरों के साथ काम कर चुकी हैं। 'चीटर' गाने में वह हास्य कलाकार हर्ष गुजराल और खुल्लर-जी के साथ नजर आईं, जबकि 'बिग लाइफ रिटर्न्स' में फुकरा इंसान के नाम से मशहूर अभिषेक मल्हान दिखाई दिए। इसके अलावा 'अल्फाज', 'टिम टिम' और 'रास्ता तुम्हारा' जैसे गानों में भी चित्रांशी काम कर चुकी हैं।फिलहाल ED की जांच का फोकस सट्टे से अर्जित कथित रकम, हवाला नेटवर्क, कारोबारी निवेश और उससे जुड़ी कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड पर है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान इन कड़ियों से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं।