मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों और आस्था के माहौल को मातम में बदल दिया। मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच धान से भरा एक बेकाबू ट्रक जा घुसा। हादसे में शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 26 लोग घायल हुए हैं। घटना चीनौर रोड पर मंदिर के पास ढलान वाले रास्ते पर रात करीब 1:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ढलान से नीचे उतरते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुलिस बैरिकेड्स व प्रसाद की दुकानों को रौंदते हुए मंदिर के मुख्य द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह और कलेक्टर रुचिका चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कराई है। पुलिस ने ट्रक मालिक मोहित सिंह और चालक दिलबाग सिंह को गिरफ्तार किया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच धान से भरा ट्रक बैरिकेड्स पार कर मंदिर तक कैसे पहुंचा। हादसे ने मंदिर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा इंतजामों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ (0)