त्योहारी सीजन में मिठाइयों की खरीदारी करने वालों के लिए जरूरी खबर है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिठाई दुकानों और एक ढाबे पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान करीब 150 किलो अलग-अलग तरह की मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को कम से कम तीन दिन तक प्रतिष्ठान बंद रखकर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी के साथ पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबे का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। अब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। यदि नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने जांच और कार्रवाई तेज कर दी है।

टिप्पणियाँ (0)