भिलाई : - कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के घरों में इंस्टॉलेशन कराने का भरोसा देकर 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक मिश्रा (27) निवासी पालघर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुंबई की सेंट्रल जेल में एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद था। दुर्ग पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे ट्रांजिट रिमांड पर भिलाई लाया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि ठगी की रकम और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

ऐसे दिया ठगी की वारदात को अंजाम: शिकायतकर्ता नवीन कुमार के मुताबिक, 24 जून 2026 को मोबाइल के जरिए उनका संपर्क स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल से हुआ था। दोनों ने खुद को मुंबई की सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा बताते हुए बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल सप्लाई और इंस्टॉलेशन का प्रस्ताव दिया। कारोबार में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर उन्होंने नवीन कुमार से कंपनी के बैंक खातों में रकम जमा कराई। शिकायतकर्ता ने बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक के खातों से IMPS और RTGS के जरिए कुल 34 लाख रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन रकम मिलने के बाद न तो सोलर पैनल की सप्लाई हुई और न ही इंस्टॉलेशन कराया गया। इसके बाद 5 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच के बाद विवेक मिश्रा की भूमिका सामने आने पर उसे मुंबई से गिरफ्तार किया। अब उससे रकम के लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।